झांसी:- उत्तर प्रदेश के झांसी में इस बार पर्यटन दिवस पर प्रशासन और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित कई अन्य संस्थान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहे हैं।
झांसी मंडल की क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्ति ने सोमवार को बताया कि पर्यटन क्लबों को साथ लेकर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में पर्यटन स्थलों पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा, जिसमें बच्चों की अधिक से अधिक भागीदारी हो। पर्यटन स्थलों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने को लेकर तैयारी चल रही है। प्रयास हैं कि पर्यटन से जुड़े आयोजनों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाये और पर्यटन स्थलों के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाये।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का पर्यटन और होटल प्रबंधन संस्थान 21 से 27 सितंबर तक विश्व पर्यटन मनाएगा। इन सात दिनों में विश्व शांति दिवस, वीडियो क्लिप, फोटोग्राफी, रंगोली, स्लोगन, व्यंजन, साइकिल मिनी मैराथन सहित कई प्रतियोगिताएं व अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय परिसर के सभी संस्थानों के विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी और विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कई संगठनों की मदद से यह आयोजन करने जा रहा है।
प्रदेश और केंद्र सरकार के कई विभाग पर्यटन को लेकर ख़ास तरह के आयोजनों की तैयारी में जुटे हैं। झांसी का किला, रानी का महल, बरुआ सागर का किला, राजकीय संग्रहालय, लक्ष्मीताल जैसे स्थलों के साथ ही पर्यटन के लिहाज से विकसित किये गए कई पार्क पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र साबित हो रहे हैं। अटल एकता पार्क, लक्ष्मीबाई पार्क, मैथिलीशरण पार्क जैसे स्थल भी घूमने-फिरने के शौक़ीन लोगों को काफी लुभा रहे हैं। कई उपेक्षित स्थलों को विकसित करने की प्रक्रिया चल रही है। सभी महत्वपूर्ण स्थलों को पर्यटन दिवस के आयोजनों से जोड़ने की तैयारी सरकार की ओर से चल रही है।
बुंदेलखंड को टूरिज्म का हब बनाने को लेकर योगी सरकार की ओर से उठाये जा रहे प्रयासों का असर दिखाई देने लगा है और इसी क्रम में इस बार शासन , प्रशासन और अन्य संस्थाएं पर्यटन दिवस को भव्यता के साथ मनाने के लिए जबरदस्त तैयारियों में जुटी हैं।