
रांची:- नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत साहिबगंज समेत राज्य के विभिन्न जिलों में आज से चार नवंबर तक गंगा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। “गंगा उत्सव“ के दौरान प्रमुख जलस्रोतों के तटो- घाटों पर भजन कीर्तन, श्रमदान से स्वच्छता, नदी चौपाल, रंगोली तथा दीपोत्सव सहित अन्य सांस्कृतिक और जगरुकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। गंगा उत्सव के मौके पर रांची के ओरमांझी स्थित रुक्का डैम में जिला प्रशासन रांची के पदाधिकारियों, प्रखण्ड के पदाधिकारी और कर्मी द्वारा श्रमदान कर साफ-सफाई अभियान चलाया गया और पौधरोपण किया गया।
सूडा के निदेशक अमित कुमार, रांची के उपायुक्त छवि रंजन, उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल, एसडीएम समीरा एस सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर डैम के किनारे पर फैले कचरे की साफ – सफाई करते हुए गंगा उत्सव का शुभारंभ किया। स्वच्छता अभियान के पश्चात निदेशक सूडा, उपायुक्त रांची सहित सभी पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर क्लीन एन्ड ग्रीन का संदेश दिया।
सोमवार को रांची के रुक्का डैम में नमामि गंगे मिशन के तहत आयोजित हो रहे गंगा उत्सव कार्यक्रम 2020 का शुभारंभ किया गया। इस दौरान निदेशक सूडा एवं उपायुक्त रांची की अगुवाई में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों तथा कर्मियों द्वारा श्रमदान कर डैम के आस-पास की साफ – सफाई की गई। साथ ही, सभी पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने कहा, डैम या जलस्त्रोतों की साफ – सफाई के लिए हम सभी को खुद को जागरुक रखना होगा। गंगा उत्सव जैसे कार्यक्रम आम जनमानस के बीच जागरुकता फैलाने के लिए आयोजित की जाती है और हमें अपने अलावा दूसरों को भी इस सम्बंध में जागरुक करना चहिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि, ष्अभी जो भी लोग यहां उपस्थित हैं, वो सभी श्रमदान के दौरान यह याद रखें कि अभी यहां से जाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि यहां किसी भी तरह का प्लास्टिक कचरा कम से कम नहीं दिखना चाहिए।
रांचीवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी लोग डैम के आस – पास या किनारों पर पिकनिक मनाने के लिए आते हैं, कृपया अपने साथ डस्टबिन बैग अवश्य लाएं और सभी कचरा जमा कर अपने साथ ले जाएं। डैम के किनारे जहां-तहां कचरा नहीं फेंकें। इससे न सिर्फ हमारे जलश्रोत साफ रहेंगे अपितु देशभर में यह संदेश जाएगा कि रांची के लोग स्वच्छता के प्रति जागरुक हैं और अपने शहर को स्वच्छ रखते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गंगा स्वच्छता शपथ लिया। साथ ही, कभी भी जलश्रोत के किनारे कचरा नहीं फैलाने एवं साल में 100 घण्टे अपने आस पास के जलस्त्रोतों की सफाई के लिए दान करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त रांची, डीएफओ रांची, एसडीएम रांची, अपर समाहर्ता रांची, डायरेक्टर एनईपी रांची, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी रांची, जिला कृषि पदाधिकारी रांची, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित करमा पंचायत एवं ओरमांझी प्रखंड के जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
More Stories
अर्जुन मुंडा निर्माणाधीन बिरसा मुंडा म्यूजियम का करेंगे निरीक्षण
उड़ीसा से दिल्ली के लिए निकले किसान जत्थे को कृषिमंत्री ने किया रवाना
विधिक सेवाएं-सह-सशक्तिकरण शिविर की तैयारियों लेकर न्यायमूर्ति एचसी सी मिश्रा लिया जायजा