
भोपाल:- करवा चौथ का व्रत करने वाली महिलाओं के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि इस बार चंद्र देवता उन्हें ज्यादा इंतजार नहीं कराएंगे। राजधानी भोपाल में चंद्रमा रात्रि 8.24 बजे उदय होगा और आसमान साफ होने की वजह से चंद्र दर्शन में किसी व्यवधान की आशंका भी नहीं है।
करवा चौथ व्रत पर चंद्रमा के दर्शन का अत्यधिक महत्व होता है और इसके बाद ही व्रत का समापन किया जाता है। ऐसे में अगर चंद्रमा के दर्शन में व्यवधान आ जाए, तो व्रत और भी कठिन हो जाता है। विज्ञान प्रसारक सारिका घारू का कहना है कि इस बार मध्यप्रदेश में चंद्रोदय अपने सामान्य समय पर ही होगा। सबसे पहले प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी सतना जिले में चंद्रमा के दर्शन किए जा सकेंगे, जबकि पश्चिमी हिस्से यानी अलीराजपुर जिले में करीब आधा घंटा बाद चंद्र देवता के दर्शन होंगे। उनका कहना है कि सतना जिले में रात्रि 8.07 बजे चंद्रोदय होगा और अलीराजपुर में यह 8.38 मिनट पर उदय होना आरंभ होगा। भोपाल में चंद्रोदय रात्रि 8.24 बजे होगा और इंदौर में 8.31 बजे चंद्रमा के दर्शन होंगे। वहीं, मौसम विभाग ने भी बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की बात कही है। इससे चंद्रदर्शन में आसानी होगी।
More Stories
युवती की हत्या करने के बाद युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
मोदी के नेतृत्व को देश दुनिया ने सराहा है-मुख्यमंत्री शिवराज
भिंड में पुलिस ने शराब बनाने की फैक्टरी पकडी, दो लोग गिरफ्तार