सदन के संचालन में सभी दल सक्रिय सहयोग करें : महाना

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने सोमवार से शुरु हो रहे मानसून सत्र के दौरान सभी राजनीदिक दलों से सदन की कार्यवाही के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।

महाना ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेताओं से विधायन कार्य में सकारात्मक सहयोग करने की अपील की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य दलों के नेता मौजूद थे।

गौरतलब है कि मानसून सत्र 19 से 23 सितंबर तक के लिये आहूत किया गया है। महाना ने कहा कि संसदीय व्यवस्था में संवाद और सकारात्मक चर्चा-परिचर्चा के माध्यम से लोकतंत्र मजबूत होता है। यह देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश विधान सभा की कार्यवाही पूरे देश के विधान मण्डलों के लिए एक मानक और आदर्श भी उपस्थिति करती है।

बैठक में मौजूद सभी दलों के नेताओं ने विधान सभा अध्यक्ष को सदन संचालन में सहयोग देने का आश्वासन दिया। महाना ने सभी दल के नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपना-अपना पक्ष सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अन्तर्गत रखें और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सदन में बहस करें।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनता ने बड़े विश्वास के साथ सभी सदस्यों को देश की सबसे बड़ी विधान सभा में चुनकर भेजा है। उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी का दायित्व है। इस दायित्व की पूर्ति से सभी दलों की गरिमा बढ़ेगी। साथ ही गंभीर और प्रभावी चर्चा से जनता के सम्मान में वृद्धि होगी। उन्होंने सदन की सुचारू कार्यवाही में सरकार का भरपूर सहयोग मिलने का आश्वासन दिया।

बैठक में खन्ना ने सभी दल के नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ सदन में सदस्यों के प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से तथा विकास को नई गति देने और उसे आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी। सरकार सभी मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में महाना ने कहा कि सत्र के पहले दिन वर्तमान सदस्य के निधन का निदेश तथा 20 सितंबर को तीन सदस्यों को जन्म दिन की बधाई दी जायेगी। इसके अगले दिन भूतपूर्व सदस्यों के निधन के निदेश तथा 22 सितम्बर को प्रश्नकाल के बाद का समय महिला सदस्यों को चर्चा हेतु आरक्षित रहेगा। यह पहल देश की सभी विधान सभाओं में अनूठी साबित होगी।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष के स्थान पर समाजवादी पार्टी के मनोज पाण्डेय, राष्ट्रीय लोक दल के नेता राजपाल वालियान, अपना दल (सोनेलाल) के नेता राम निवास वर्मा, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के नेता अनिल कुमार त्रिपाठी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सदस्य बेदीराम और कांग्रेस पार्टी की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित अन्य दलों के नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *