रांची:- आजादी के अमृत महोत्सव एवं पोषण माह के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित शासन के 8 वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रादेशिक कार्यालय , रांची के हेहल में सांसद रांची आवास के निकट तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के दूसरे दिन भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्टाल्स का भ्रमण किया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो रांची व पत्र सूचना कार्यालय रांची क्षेत्र के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि हेहल में आयोजित प्रदर्शनी सभी स्थानीय लोगों के लिए बहुत ही लाभकारी है और यह प्रदर्शनी तरह-तरह की उपयोगी जानकारियों से सुसज्जित है।
श्री मिश्रा ने स्थानीय निवासियों से निवेदन किया कि वह भारी संख्या में इस प्रदर्शनी में आए और अपनी जानकारी में इजाफा करें।
इस चित्र प्रदर्शनी में खास तौर से झारखंड के स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों को भी दर्शाया गया है।प्रदर्शनी स्थल पर खादी एवं ग्राम उद्योग, कश्यप मेमोरियल नेत्र चिकित्सा शिविर तथा अन्य केंद्रीय व राज्य सरकार के कार्यालयों , संस्थाओं के भी स्टाल भी लगाये गये हैं ताकि विभिन्न विषयों पर एक ही जगह लोगों को जानकारी प्राप्त हो सके एवं उपयोगी वस्त्र तथा अन्य सामग्रियों की खरीदारी भी कर सकें।कल प्रदर्शनी स्थल से दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल एवं वबैसाखी वितरण किया जाएगा।
प्रदर्शनी स्थल पर लगे नेत्र जांच शिविर से लगभग 1000 लोगों को मुफ्त में चश्मा उपलब्ध कराने का भी लक्ष्य है।प्रदर्शनी स्थल पर युवाओं द्वारा स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया गया जिसे समस्त विशिष्ट तथा मुख्य अतिथियों ने सराहा और रक्तदान करने वालों का आभार व्यक्त किया।
प्रदर्शनी के विशिष्ट अतिथि के रूप में आज लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत ने प्रदर्शनी स्थल का विशेष दौरा किया।उन्हें “न्यू इंडिया समाचार” पाक्षिक पत्रिका की प्रतियां भेंट की गई। रांची के सांसद संजय सेठ व विधायक हटिया नवीन जयसवा ने आज केंद्रीय संचार ब्यूरो , रांची के प्रदर्शनी का विशेष अवलोकन किया और साथ-साथ विभिन्न स्टॉल्स के गतिविधियों की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *