चतरा:- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैबिनेट द्वारा 1932 खतियान एवं ओबीसी को 27ः आरक्षण नियमावली पास किए जाने के बाद प्रदेश में जश्न का माहौल है। महागठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ लोग सड़कों पर उतरकर सरकार का आभार जता रहे हैं। हेमंत कैबिनेट के इस ऐतिहासिक निर्णय से उत्साहित झामुमो कार्यकर्ताओं ने आभार रैली निकाली। इस दौरान गाजेबाजे व अबीर-गुलाल के साथ शहर में रैली निकालकर कार्यकर्ताओं ने सीएम का आभार जताया। साथ ही अबीर लगाकर व पटाखा फोड़ एक दूसरे का मुंह मीठा भी कराया। मौके पर कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार समर्थित नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि 1932 के खतियान के रूप में झारखंड को अपना पहचान मिल गया है। वहीं ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा कर हेमंत कैबिनेट ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार के इस निर्णय से अब न सिर्फ झारखंड से बेरोजगारी दूर होगी। बल्कि स्थानीय बेरोजगारों को भी रोजगार मिलेगा। जिला अध्यक्ष पंकज प्रजापति के नेतृत्व में निकाली गई रैली शहर के पुराना पेट्रोल पंप से निकालकर समाहरणालय तक पहुंची। जहां जनसभा में तब्दील हो गई।