रियाद:- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने शनिवार को विश्वास जताया कि भारत इस साल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था होगी और विकास दर कम से कम 7 प्रतिशत रहेगी।
सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे श्री जयशंकर ने एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही।
उनहोंने कहा , “यूक्रेन संकट के कारण कई अन्य नई चुनौतियां सामने आई हैं। तेल और भोजन की कीमतें बढ़ गई हैं। शिपिंग की कीमत बढ़ गई है। लेकिन हमें अभी भी पूरा विश्वास है कि भारत इस साल दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था होगी। हमें विश्वास है कि हमे कम से कम सात फीसदी की जीडीपी वृद्धि हासिल होगी।’’
उन्होंने कहा कि हमने अब तक का सबसे अधिक निर्यात लक्ष्य हासिल किया है। हमारा कुल निर्यात 672 अरब डॉलर है। जयशंकर ने कहा कि एक व्यापारिक शक्ति के रूप में भारत का विचार विश्वसनीय हो गया है।
विदेश मंत्री ने कहा कि कोविड काल के बाद भारत का आर्थिक सुधार अध्ययन योग्य है।
विदेश मंत्री ने कहा ,“सबकी अर्थव्यवस्था को झटका लगा। हम खुद एक पूर्ण लॉकडाउन की एक निश्चित अवधि से गुजरे। हर किसी के पास चुनौती यह थी कि आप कितनी जल्दी ठीक हो जाते हैं, और आप कितना ठीक हो जाते हैं। यहां भी, मैं कहूंगा कि हमने जो किया है वह है निश्चित रूप से अध्ययन के योग्य है”।
उन्होंने कहा ,“कई देशों ने कोविड की अवधि के दौरान बहुत सारा सार्वजनिक धन खर्च किया। वे संकट की स्थिति का जवाब देने की जल्दी में थे। इसलिए जरूरी नहीं कि उन्होंने उनके संसाधनों को बुद्धिमानी से उपयोग किया हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *