नयी दिल्ली:- भारत की हिंद महासागर में 7,500 किलोमीटर लंबी समुद्र तट की रणनीतिक स्थिति और क्षमता को समझने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के महत्व पर ध्यान केंद्रित करते हुए एस्सार ने ‘इंटरनेशनल कोस्टल क्लीन-अप डे’ पर मुंबई में सबसे बड़े तटीय सफाई अभियान ’स्वच्छ सागर सुरक्षित सागर’ के लिए भारतीय तटरक्षक बल के साथ हाथ मिलाया है।
कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एक पहल ’स्वच्छ सागर सुरक्षित सागर’ ने आज देश भर में 75 समुद्र तटों को साफ करने के लिए 75 दिनों तक चलने वाले तटीय सफाई अभियान के तहत यह साझेदारी की गयी है। आज के कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुंबई उत्तर मध्य से लोकसभा सांसद पूनम महाजन, पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक वी.एस. पठानिया और एस्सार शिपिंग के सीओओ कैप्टन राहुल भार्गव उपस्थिति थे।
तटीय सफाई अभियान में एस्सार की भागीदारी का उद्देश्य प्लास्टिक से होने वाले खतरनाक प्रभाव और बिगड़ते समुद्र के स्वास्थ्य से पारिस्थितिक संतुलन के खतरे के बारे में जन-जागरूकता बढ़ाना है। एस्सार पोर्ट्स प्रौद्योगिकियों में निवेश करने और पर्यावरण के अनुकूल तथा कुशल हैंडलिंग सिस्टम विकसित करने में अग्रणी रहा है।