सीएम हेमंत सोरेन ने जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन से मुलाकात कर 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू करने के प्रस्ताव दी जानकारी
रांची:- मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को मोरहाबादी रांची स्थित आवास में अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्य सभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें 14 सितंबर को संपन्न हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 1932 खतियान आधारित झारखंड का स्थानीय निवासी की परिभाषा एवं पहचान के लिए विधेयक, 2022 के गठन की स्वीकृति दिए जाने एवं अन्य बड़े निर्णयों के संबंध में अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने भेंट-वार्ता के क्रम में कहा कि राज्य सरकार उनके सपनों को पूरा कर रही है। उनके लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद जिस उद्देश्य से अलग झारखंड राज्य मिला है, अब उस राज्य को उनकी सरकार हर क्षेत्र में बेहतर दिशा देकर आगे बढ़ा रही है। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्य सभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को हरेक राज्य वासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने का आशीर्वाद दिया।
इधर, जेएमएम के वरिष्ठ नेता और शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो ने इस फैसले के बाद गुरुवार को पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन से मुलाकात कर उन्हें 1932 खतियान लिखित शॉल भी ओढ़ाकर सम्मानित किया। जगरनाथ महतो ने कहा कि 1932 खतियान उनकी ही देन है। वे अपने अग्रज और देवतुल्य बाबा को कैसे भूल सकते है? उन्होंने ही सभी को हक और अधिकार के लिए लड़ना सिखाया था। आज समस्त झारखंडवासी गौरव और सम्मान के साथ झूम रहे है। इस फैसले में जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन का अतुल्य संघर्ष और बलिदान समाहित है।