
मैनपुरी:- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य के सभी जिलों में ‘जनपद स्थापना दिवस’ मनाया जायेगा। स्थापना दिवस के आयोजन के लिए जिलाधिकारी विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगे।
सिंह ने बताया कि इस आयोजन हेतु प्रत्येक जिले को 10 लाख रुपये की धनराशि संस्कृति विभाग द्वारा दी जायेगी। जिला पर्यटन एवं संस्कृति प्रोत्साहन परिषद को आवंटित की जाने वाली इस राशि का उपयोग जनपद के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, पौराणिक एवं पुरातात्विक महत्व से युवा पीढ़ी को परिचित कराने में किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का गौरवशाली इतिहास एवं समृद्ध सांस्कृतिक परम्परायें हैं। प्रत्येक जनपद ऐतिहासिक धरोहरों की थाती समेटे हुए है। प्रदेश के लगभग समस्त जनपदों में ऐतिहासिक, पौराणिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व के स्थल एवं विरासत मौजूद हैं। इसको भावी पीढ़ी के साथ साझा करने के लिए जिलों का स्थापना दिवस मनाये जाने का कार्यक्रम बनाया गया है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि हर जिला ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ जुड़ा हुआ है। जिलाधिकारी जनश्रुतियों, अभिलेखों, गजेटियर एवं अन्य श्रोतों से जनपद के स्थापना की तिथि की जानकारी प्राप्त करके स्थापना दिवस के आयोजन का प्रस्ताव भेजेंगे। सिंह ने बताया कि जनपद स्थापना दिवस के लिए धनराशि उन्हीं जनपदों को दी जायेगी, जिन जनपदों का प्रस्ताव जिलाधिकारी से प्राप्त होगा। इसके लिए संस्कृति विभाग अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। इस आयोजन में राज्य पर्यटन एवं संस्कृति प्रोत्साहन परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात गांवों का भी स्थापना दिवस मनाये जाने का प्रस्ताव है।