
कांग्रेस कोटे से सरकार में शामिल मंत्रियों और विधायकों ने हिस्सा लिया
रांची:- झारखंड में कृषि कानून के खिलाफ और देशभर में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में रविवार को गोड्डा से देवघर तक कांग्रेस की ओर से ट्रैक्टर रैली निकाली गयी। इस ट्रैक्टर रैली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्तमंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव समेत पार्टी के कई नेताओं ने हिस्सा लिया।
गोड्डा जिले के कारगिल चौक से निकाली गयी ट्रैक्टर रैली का नेतृत्व कृषिमंत्री बादल कर रहे थे। जबकि इस रैली के संयोजक विधायक प्रदीप यादव थे। कारगिल चौक से कृषिमंत्री बादल, विधायक इरफान अंसारी और विधायक प्रदीप यादव समेत अन्य नेताओं ने किसान के वेशभूषा में ट्रैक्टर पर सवार होकर रैली निकाली। ट्रैक्टर को खुद विधायक प्रदीप यादव चला रहे थे। रैली दोपहर बाद देवघर के रोहिणी शहीद स्थल पहुंचेगी,जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत गठबंधन दल के नेता और मंत्री रैली को संबोधित करेंगे।
रैली में शामिल नेताओं ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए तुंरत तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। रैली की शुरुआत के मौके पर किसानों को सम्बोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि देश के किसान पिछले लगभग दो माह से ज्यादा समय से देश की राजधानी दिल्ली के बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं उसके बावजूद केंद्र सरकार उनकी आवाज की अनदेखी कर रही है।
बताया गया है कि इस रैली में ढ़ाई सौ से अधिक ट्रैक्टर शामिल है, इसके अलावा कई चार पहिया वाहन और बाइक भी रैली में साथ शामिल है। ट्रैक्टर रैली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। दूसरी तरफ देवघर में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने कृषि कानून के खिलाफ धरना भी दिया।
More Stories
झारखंड में 44 नये कोरोना संक्रमित मिले, 40 डिस्चार्ज
गोलीकांड में घायल युवक की मौत के बाद सड़क जाम
बीजेपी जनमुद्दों को आक्रमक तरीके से सदन में उठाएगी-भानु प्रताप शाही