
पणजी:- दो बार के चैम्पियन चेन्नइयन एफसी ने बुधवार को बोम्बोलिम के जीएमसी स्टेडियम में ओडिशा एफसी को 2-1 से हराकर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सीजन की अंक तालिका में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। सीजन की तीसरी जीत से चेन्नइयन को तीन स्थान का फायदा हुआ है। दोनों टीमों का यह 11वां मुकाबला था। चेन्नई ने तीन जीत, पांच ड्रा और तीन हार से अब तक 14 अंक जुटाए हैं। दूसरी ओर, ओडिशा की यह सातवीं हार है। उसके खाते में एक जीत और तीन ड्रा से 6 अंक हैं और वह 11 टीमों की तालिका में सबसे नीचे है।
छह मिनट के अंतराल में किए गए दो गोलों की मदद से चेन्नइयन ने पहले हाफ की समाप्ति तक 2-0 की मजबूत बढ़त ले ली। मैच का पहला गोल 15वें मिनट में हुआ जबकि दूसरा गोल 21वें मिनट में हुआ। चेन्नइयन ने लगातार दबाव बनाए रखा और इसी का फायदा उसे मिला। पहला गोल करने वाले इस्माइल गोंकाल्वेस को इससे पहले भी आठवें मिनट में गोल करने का मौका था लेकिन वह चूक गए थे। 15वें मिनट में हालांकि उन्होंने कोई गलती नहीं की और गौरव बोरा की गलती का फायदा उठाते हुए उन्होंने गोलकीपर अर्शदीप सिंह को छकाते हुए गतिरोध तोड़ दिया।
गौरव ने 20वें मिनट में एक और गलती की जो उनकी टीम को काफी भारी पड़ी। बाक्स में अनिरुद्ध थापा को गिराने के कारण उनकी टीम के खिलाफ पेनल्टी मिली। बोरा का फाउल इतना गम्भीर था कि रेफरी ने पेनल्टी देने में तनिक भी देरी नहीं की। इस पर गोल करते हुए गोंकाल्वेस ने स्कोर 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में उसे 64वें मिनट में सुपर-सब डिएगो मौरोसियो ने गोल करते हुए ओडिशा का खाता खोल दिया। डिएगो ने बाक्स के बाहर से शानदार गोल करते हुए ओडिशा को वापसी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया। इस गोल में कोल एलेक्सजेंडर का एसिस्ट था। लेकिन चेन्नइयन ने इसके बाद अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखा।
More Stories
अमेरिका में प्रतिदिन 10 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन देने का लक्ष्य : बिडेन
अमेरिका में कोरोना के नये स्ट्रेन ब्राजील पी.1 का पहला मामला सामने आया
अमेरिकी वित्त मंत्री के लिए जेनट येलन के नाम को सीनेट की मंजूरी