बुलंदशह:- उत्तर प्रदेश में जनपद बुलंदशहर में पुलिस ने लूट की एक घटना में वांछित बावरिया गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रविवार को बताया कि कप्तान उर्फ मंगल, निवासी जौरा, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश को कल देर पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। उसके पास से अवैध असलहा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। उसकी पहचान कप्तान उर्फ मंगल उर्फ विजय पुत्र दिनेश उर्फ बड्डा बावरिया निवासी, दुर्गापुरी अलापुर कस्बा व थाना जौरा, जनपद मुरैना, मध्य प्रदेश के रुप में हुई हैं।
उन्होंने बताया कि डिबाई पुलिस को लूटपाट के इरादे से बाइक सवार दो सशस्त्र बदमाशों के बारे में सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने अनूपशहर – अलीगढ रोड पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चैकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद दो संदिग्ध व्यक्ति बाईक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने इन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी तथा बाइक को तेजी से लेकर अलीगढ़ की तरफ भागने लगे। इसकी सूचना थाना प्रभारी डिबाई ने दौलतपुर पुलिस चौकी को दी।
पुलिस की घेराबंदी के बाद दोनों पक्षों में जवाबी गोलीबारी होने पर मुठभेड़ में कप्तान उर्फ मंगल को गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसका साथी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
मुठभेड में थाना डिबाई पर तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार भी घायल हो गया है। घायल बदमाश व आरक्षी को उपचार हेतु सीएचसी डिबाई में भर्ती कराया गया। बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा मय कारतूस व बाइक बरामद हुई हैं।
उन्होंने बताया कि कप्तान उर्फ मंगल उर्फ विजय शातिर किस्म का डकैत एवं लुटेरा है। उसके विरुद्ध थाना डिबाई पर वर्ष 2014 में आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से वह वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी बुलन्दशहर द्वारा 50,000/- रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया मुठभेड़ में पकड़ी गयी बाइक को करीब 10 माह पूर्व उसने दिल्ली से चोरी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *