रांची:- झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन शुक्रवार को भी सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने 12:30 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। इससे पहले स्पीकर ने कहा कि तारांकित, अल्प सूचित, तारांकित और शून्यकाल की सूचनाओं के बाद कार्य स्थगन पढ़ा जाएगा। इस पर विधायकों ने कहा कि अगर ऐसा होगा तो फिर कार्य स्थगन शब्द का मतलब क्या रह जाएगा। इसके बाद स्पीकर ने विधान सभा संचालन नियमावली की पुस्तिका भाजपा विधायकों को भेजी जिसमें नियम का जिक्र है। इसके बाद भी भाजपा विधायक हंगामा करते रहे। इस दौरान भाजपा के विधायक वेल में पहुंच गए। हंगामे के बीच भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने विधानसभा अध्यक्ष पर सरकार के दबाव का आरोप लगाया। स्पीकर विपक्ष के विधायकों को यह कह कर समझाते रहे कि नियमावली में कार्य स्थगन के लिए उपयुक्त समय तय है। लेकिन विपक्ष के विधायक वेल में प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद भाजपा के विधायक सदन के प्रवेश द्वार पर बैठ गए। विधायक अपने हाथ में पोस्टर लिए हुए थे जिसमें सरकार के विरोध में नारे लिखे गए थे। इससे पूर्व सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने विधानसभा परिसर में पत्रकार निलय सिंह पर मधुमक्खियों के हमले का मामला उठाया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को निलय सिंह मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज रिम्स में चल रहा है। स्पीकर ने कहा कि इस बारे में पहले ही वन विभाग को कहा जा चुका है। शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन छत्तों को हटा दिया जाएगा।
More Stories
भारत ने शूट आउट में ओलम्पिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-2 से किया शूट
धोनी पर धीमे ओवर रेट के लिए लगा 12 लाख का जुर्माना
वर्दी मेरा जुनून“ की एक और शाखा खुला, सेना में जाने के लिए किया जाएगा प्रशिक्षित