बलिया:- उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षों से हो रही जुमे की नमाज पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को रोक लगा दी।
नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार ने बताया कि बलिया स्थित जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर के कर्मचारी बीते कई सालों से जुमे की नमाज अदा करते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले इस परिसर में केवल कलेक्ट्रेट के कर्मचारी ही नमाज अदा करते थे। इसके बाद कालांतर में बाहर के लोग भी यहां आकर नमाज अदा करने लगे।
जिला प्रशासन को कुछ स्थानीय हिंदू संगठन के नेताओं से सोशल मीडिया पर यह शिकायत प्राप्त हुई कि इस स्थान पर कर्मचारियों के अलावा अन्य बाहरी लोग भी जुमे की नमाज अदा कर रहे हैं। इससे कलेक्ट्रेट परिसर में भारी भीड़ जमा होने के कारण कामकाज प्रभावित होता है।
इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने इसकी जांच के आदेश दिये। जांच में ज्ञात हुआ कि उक्त स्थान पर कर्मचारियों के अलावा अन्य लोग भी भारी संख्या में नमाज अदा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल वहां हर किसी के नमाज अदा करने पर रोक लगा दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *