
रांची:- पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बागमुंडी विधानसभा के लहरिया में आजसू पार्टी का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो थे।
सम्मेलन में वृहत झारखंड क्षेत्र के लोगों की सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं पर गहन चिंतन किया गया एवं इसके निदान के लिए आगे की रणनीति तैयार की गयी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो में कहा कि आजादी के बाद से जंगल महल क्षेत्र पश्चिम बंगाल राज्य का सबसे उपेक्षित क्षेत्र रहा है। लोगों को कुछ नहीं मिला, बल्कि उन्हें अपने जंगलों को भी खोना पड़ा। राज्य द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर वनों की कटाई से उनका वन-आधारित आजीविका को बहुत नुकसान हुआ। सिंचाई में सुधार और कृषि के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कोई उद्योग भी वहां स्थापित नहीं किया गया।
आजसू पार्टी मांग करती है कि जंगल महल के इस इलाके (बांकुड़ा, झाड़ग्राम, मिदनापुर, पुरुलिया) को मानभूम – जंगलमहल क्षेत्रीय प्रशासन- के रुप में अविलंब गठन किया जाय। जिससे इस इलाके के राजनीतिक, सामाजिक, और आर्थिक पहचान तथा तरक्की के मार्ग प्रशस्त हो सके। आजसू पार्टी इसके गठन के लिए उस इलाके में जनमत संग्रह एवं संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि आजसू ने अलग राज्य की लड़ाई लड़ी है और लोगों के दर्द को हम बखूबी समझते हैं। झारखंड आंदोलन में इस क्षेत्र के लोगों की भूमिका अतुल्य रही है। अतः इस क्षेत्र की जनता एवं आंदोलनकारियों के अरमानों को पूर्ण करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि इस क्षेत्र को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इस क्षेत्र में विकास का नया अध्याय लिखना हमारी प्राथमिकता। इस क्षेत्र की अस्मिता एवं आस्तित्व को मिटाने का जो प्रयास हो रहा उसे रोकना ही हमारा लक्ष्य है। हमारा मकसद चुनाव लड़ना नहीं बल्कि इस क्षेत्र की जनता को उनका हक एवं अधिकार दिलाना है। यह संघर्ष कितना भी लम्बा हो, हम लड़ेंगे।
More Stories
झारखंड में तलाशी अभियान के दौरान ब्लास्ट, सीआरपीएफ के दो जवान शहीद
बजट में कोई विजन और प्रतिबद्धता नहीं, दिशाहीन है बजट- सुदेश कुमार महतो
मंडल रेल प्रबंधक ने अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन