कटिहार:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 सितंबर को पूर्णिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा 24 सितंबर को वे किशनगंज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। सीमांचल का क्षेत्र बांग्लादेश की सीमा से सटा हुआ है। यहां मुस्लिम समुदाय की आबादी ज्यादा है। यह क्षेत्र महागठबंधन खासकर राष्ट्रीय जनता दल और एआईएमआईएम का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र में अमित शाह का दो दिवसीय दौरा भाजपा को मजबूत करने के लिए अहम माना जा रहा है। शाह के कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला इकाई के कार्यकर्ता एवं अधिकारियों ने जिलेभर में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को भाजपा के जिला अध्यक्ष लख्खी प्रसाद महतो ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि कटिहार जिले से 45 हजार से भी ज्यादा लोग केंद्रीय मंत्री अमित शाह की जनभावना रैली में शामिल होंगे। उन्होंने ने बताया कि 24 सितंबर को गृहमंत्री अमित शाह पूर्णियां और सहरसा प्रमंडल के भाजपा नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही बीएसएफ और एसएसबी के अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल होंगे। लख्खी महतो ने कहा कि गृह मंत्री का सीमांचल क्षेत्र में आगमन को लेकर यहां के कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों में उत्साह का माहौल है।