
रांची :- झारखंड में कोरोना से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बढ़ते आंकड़े के बीच बुधवार को रिम्स में भर्ती कोरोना के 3 गंभीर मरीज व पारस अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। मृतकों में एक बैंक का मैनेजर व दूसरा गुमला में पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी का चालक था। मिली जानकारी के अनुसार, रिम्स में भर्ती तीन मरीजों में एक बेड़ो के इंटाचिंद्री का रहने वाला 40 वर्षीय पुलिसकर्मी, दूसरा अरगोड़ा का रहने वाला 56 वर्षीय वृद्ध व अन्य 54 वर्षीय महिला कचहरी की रहने वाली थी।हालांकि उसका मूल पता सिल्ली का बताया जा रहा है। इसके अलावा पारस अस्पताल में भर्ती बैंककर्मी की उम्र 59 वर्ष है।वह बेडो के डिघिया का रहने वाला था। कोऑपरेटिव बैंक में अधिकारी के पद पर कार्यरत था। बीते दिनों उसकी जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई थी इसके बाद उसे पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उसे सांस की समस्या थी।वेंटिलेटर में उसका इलाज चल रहा था। स्थिति पूर्व से ही गंभीर था, जिस वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। इधर, रिम्स में मृतकों का भी इलाज वेंटिलेटर में चल रहा था। एक की मौत मंगलवार देर रात हुई है, बाकी दोनों की मौत बुधवार की सुबह हुई।
ऑक्सीजन समय पर नहीं मिलने से हुई मौत, परिजन का आरोप
इधर, रिम्स में पुलिसकर्मी की मौत के बाद उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय से ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण मरीज की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि संक्रमित को पहले से किसी तरह की बीमारी नहीं थी। कोविड को लेकर सांस लेने में परेशानी हो रही थी। बताते चले कि दो दिन पूर्व ही रिम्स के चिकित्सक खुद डॉ सीबी सहाय ने ऑक्सीजन की अनुपलब्धता पर सवाल उठाया था। रिक्वायरमेंट के 5 घंटे के बाद उन्हें ऑक्सीजन की सप्लाई की गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके फोन करने के बाद रिम्स अधीक्षक तक ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया था।
रात 9 बजे हरमू में हुआ अंतिम संस्कार
बेडो के पुलिस विभाग के चालक की मौत के बाद बुधवार देर रात करीब 9 बजे उसका अंतिम संस्कार हरमू स्थित मुक्तिधाम में किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से रिम्स के ही शव वाहकों ने मृतक के परिजनों के साथ मिलकर उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान उन्होंने पीपीई किट पहन रखा था। सभी तरह के एहतियात बरतने के बाद अंतिम संस्कार किया गया ।
More Stories
कृमि दिवस के अवसर पर कृमि की दवा एल्बेंडाजोल लेना न भुलेंः- उपायुक्त
दूसरों के साथ अपने जीवन की सुरक्षा के लिए करें यातायात नियमों का पालनः- उपायुक्त
राज्यपाल ने महिला कॉलेज का किया उद्घाटन